म.प्र. मंत्रिमंडल/शिव राज में महाराज के गणों का दबदबा, 20 कैबिनेट और 8 राज्यमंत्री बने

◆ लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शिवराज मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार


◆ 20 कैबिनेट और 8 राज्य मंत्री बने


◆ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिलाई शपथ


◆ शिवराज मंत्रिमंडल में महाराज का दबदबा





युवा काफिला,भोपाल


आख़िरकार लंबे इंतजार के बाद मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल का विस्तार हो ही गया । गुरुवार को 28 विधायकों और पूर्व विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें से 20 ने कैबिनेट और 8 ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली। मध्य प्रदेश की  राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नए मंत्रियों को शपथ दिलवाई।



जिन नए मंत्रियों ने शपथ ली हैं, उनके नाम 


‪गोपाल भार्गव‬, ‪विजय शाह, ‪जगदीश देवड़ा‬, बिसाहू लाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, भूपेन्द्र सिंह, ऐदल सिंह कंसाना,‬ बृजेन्द्र सिंह‬, ‪विश्वाश सारंग, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिसोदिया, प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रेम सिंह पटेल, ओपी सकलेचा, उषा ठाकुर‬, अरविंद भदौरिया, मोहन यादव, हरदीप सिंह डंग और राज्यवर्धन सिंह ने कैबिनेट मंत्री की और भारत सिंह कुशवाह, इंदर सिंह परमार, रामखिलावन पटेल, राम किशोर कांवरे, बृजेन्द्र यादव, गिरराज दंडोतिया, सुरेश धाकड़ और ओपीएस भदौरिया ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।



शिवराज सिंह के मंत्रिमंडल में मंत्री नहीं बन पाने वाले दिग्गज भाजपा नेता


राजेंद्र शुक्ला, संजय पाठक, पारस जैन, सुरेंद्र पटवा, गौरीशंकर बीसेन, रामपाल सिंह, जालम सिंह पटेल.. मध्यप्रदेश उपचुनाव 24 का असर मंत्री मंत्रिमंडल विस्तार दिखाई दे रहा है। सबसे ज्यादा मंत्री ग्वालियर चंबल संभाग से। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ 6 घंटे लंबी मीटिंग होगी।



शिवराज बोले सब भाजपा कार्यकर्ता हैं


मंत्रिमंडल गठन से ठीक एक दिन पहले विष पीने की बात कहने वाले सीएम शिवराज मंत्रियों के शपथ के बाद सधा हुआ जवाब दिया। जब उनसे पूछा गया कि कैबिनेट में 11 सिंधिया समर्थक मंत्री हैं, इसपर उन्होंने कहा कि सभी बीजेपी के कार्यकर्ता हैं।



सूबे के 33 मंत्रियो में से 14 विधायक ही नहीं है: कमलनाथ 


पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र के इतिहास में मध्यप्रदेश का मंत्रिमंडल ऐसा मंत्रिमंडल है, जिसमें कुल 33 मंत्रियो में से 14 वर्तमान में विधायक ही नहीं है। यह संवैधानिक व्यवस्थाओं के साथ बड़ा खिलवाड़ है। प्रदेश की जनता के साथ मज़ाक है। 


नाथ ने कहा कि आज के मंत्रिमंडल के गठन में कई योग्य, अनुभवी, निष्ठावान भाजपा के वरिष्ठ विधायकों का नाम नहीं पाकर मुझे व्यक्तिगत तौर पर बेहद दुःख भी है। प्रदेश सरकार के आज के मंत्रिमंडल के गठन पर मै सभी नवीन मंत्रियो को बधाई व शुभकामनाएँ देता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि प्रदेश के विकास में सभी मिल जुलकर कार्य करेंगे और प्रदेश के विकास में सहभागी बनेंगे। 



सिंधिया का 24 सीटों पर जीतने का दावा, बोले टाइगर अभी जिंदा हैं


शिवराज सिंह मंत्रिमंडल पर सिंधिया का बड़ा बयान सामने आया है। सिंधिया ने कहा कि ये मंत्रिमंडल नहीं बल्कि जन सेवकों के टीम का गठन है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सिंधिया ने कहा कि जो लोग मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं, वे जान लें 'टाइगर अभी जिंदा है।' मध्य प्रदेश की जनता के लिए सदैव सिंधिया परिवार समर्पित रहा है। चाहे राजमाता हों या मेरे पिताजी (माधवराव)। न्याय का रास्ता अपनाना, सच का रास्ता अपनाना सदैव सिंधिया परिवार का संकल्प और प्रण रहा है।


कमलनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए सिंधिया ने कहा कि 15 महीनों में भ्रष्टाचार आ आलम रहा। इस दौरान प्रदेश को पूरी तरह से नुकसान पहुंचाने की कोशिश होती रही। मुझे पूर्ण विश्वास है कि शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में जनसेवकों की टीम पूरे मध्य प्रदेश को राष्ट्र पटल स्थापित करने में समर्पित होगी। सौ दिनों में जो शिवराज सिंह ने कोरोना का सामना किया है, उसे निपटाने की कोशिश की है। जिस कोरोना के लिए कमलनाथ ने एक भी बैठक नहीं की अपने कार्यकाल में। आज मैं शिवराज सिंह को साधुवाद करना चाहता हूं कि इस मुश्किल समय में अकेले होकर भी कोरोना का सामना किया, किसानों के हित मे काम किया।