राज्यसभा चुनाव/ सिंधिया, सुमेर सिंह और दिग्विजय सिंह MP से राज्यसभा के लिए निर्वाचित

◆ गुजरात की 4 में से 3 सीटों पर भाजपा, 1 पर कांग्रेस की जीत 


◆ मध्यप्रदेश की 3 सीटों में से 2 पर भाजपा, 1 पर कांग्रेस की जीत 


◆ राजस्थान में 2 सीटें कांग्रेस और एक सीट भाजपा ने जीती 


 


युवा काफिला,भोपाल-


मध्यप्रदेश की तीन रिक्त राज्यसभा सीटों के परिणाम घोषित किए गए । उम्‍मीदों के अनुरूप इन चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के दो और कांग्रेस के एक प्रत्याशी को जीत मिली है। भाजपा के ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमेर सिंह और कांग्रेस के दिग्विजय सिंह राज्यसभा चुनाव के लिए निर्वाचित हुए । परिणाम की आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है। दिग्विजय सिंह को सर्वाधिक 57 वोट मिले जबकि सिंधिया को 56 वोट मिले हैं। वहीं सुमेर सिंह सोलंकी को 55 वोट मिले। कांग्रेस के एक अन्‍य उम्‍मीदवार फूल सिंह बरैया को 36 वोट हासिल हुए जबकि दो वोट निरस्‍त कर दिए गए। इधर एक अन्‍य खबर के अनुसार बिजावर से समाजवादी पार्टी विधायक राजेश शुक्‍ला को पार्टी से निष्‍कासित कर दिया गया है।



सूत्रों के अनुसार भाजपा के एक विधायक द्वारा क्रॉस वोटिंग की है। हालांकि जिन विधायक का नाम सामने आ रहा है उन्‍होंने इससे इंकार कर दिया है। माना माना जा रहा है यह विधायक चंबल क्षेत्र के हैं जो बार-बार मंत्री मंडल के गठन को लेकर कारण नाराज हैं। 


राजधानी भोपाल के विधानसभा सेंट्रल हॉल में मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना की गई। विधानसभा में सुबह से विधायकगण मतदान के लिए पहुंच गए थे और फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मतदान किया। इस दौरान यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता व विधायक मतदान करने पहुंचे।



ज्ञात हो कि देश के आठ राज्यों से राज्यसभा की 19 सीटों के लिए शुक्रवार को चुनाव हुआ । राज्यसभा की 19 सीटों में आंध्र प्रदेश और गुजरात से 4-4, मध्य प्रदेश और राजस्थान से 3-3, झारखंड से 2 और मणिपुर, मिजोरम मेघालय से 1-1 सीट पर वोट डाले गए।