◆ साजिद-वाजिद की जोड़ी से थे मशहूर
◆ वाजिद खान किडनी की बीमारी से थे पीड़ित
◆ अभी कोरोना रिपोर्ट भी आई थी पॉजिटिव
◆ सलमान को मानते थे गॉडफादर
युवा काफिला,भोपाल-
कोविड-19 ने बॉलीवुड की दुनिया से एक और जान ले ली। बॉलीवुड की मशहूर संगीतकार जोड़ी साजिद-वाजिद में से आज वाजिद खान हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
एक रिपोर्ट के अनुसार, वाजिद खान किडनी की बीमारियों से पीड़ित थे और उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 42 वर्षीय वाजिद खान को मुंबई के चेंबुर में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ महीने पहले ही उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की गई थी। लेकिन उनकी तबीयत ठीक नहीं हुई कुछ ही दिनों पहले जांच में कोरोना संक्रमित भी पाया गया था।
रविवार शाम को उनकी हालत एकदम बिगड़ गई और तमाम कोशिशों के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए क्योंकि किडनी की समस्या के कारण उनका इम्युनिटी लेवल बहुत कम हो गया ।
बॉलिवुड के नामी म्यूजिक डायरेक्टर्स में से एक वाजिद खान ने हाल ही में लॉकडाउन के दौरान रिलीज हुए सलमान खान के गाने 'प्यार करो ना' और 'भाई भाई' गानों को कम्पोज किया था। 42 साल के वाजिद खान के अचानक निधन से फैन्स और इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोग हैरान हैं। इस वक्त बॉलिवुड गहरे सदमे में है। ज्ञात हो कि इरफान खान और फिर ऋषि कपूर का निधन कोरोना काल मे ही हुआ। अब यह बॉलीवुड को एक बड़ा धक्का लगा है।
सलमान खान से दोस्ती थीं पक्की:
इंडस्ट्री में साजिद-वाजिद की जोड़ी और सलमान खान की दोस्ती के चर्चे रहे हैं। वाजिद, सलमान खान को अपना गॉड फादर मानते थे। कई इंटरव्यूज़ में उन्होंने इस बात का जिक्र भी किया है कि सलमान खान उनके ब़डे भाई जैसे हैं वो उन्हें बहुत मानते हैं। सलमान के लिए वाजिद खान की मोहब्बत जग ज़ाहर थी। साजिद-वाजिद की जोड़ी ने सलमान खान की कई फिल्मों में म्यूजिक भी दिया जो हिट रहा।
साजिद- वाजिद ने सबसे पहले 1998 में सलमान खान की फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' के लिए संगीत दिया। 1999 में, उन्होंने सोनू निगम की एलबम 'दीवाना' के लिए संगीत दिया, जिसमें "दीवाना तेरा", "अब मुझसे रात दिन" और "इस कदर प्यार है" जैसे गाने शामिल थे। उसी साल उन्होंने फिल्म हैलो ब्रदर के लिए संगीत निर्देशकों के रूप में काम किया और 'हटा सावन की घटा', 'चुपके से कोई' और 'हैलो ब्रदर' जैसे गानों में संगीत दिया है। उन्होंने अपना आखिरी गाना भी सलमान के लिए ही कंपोज किया।