◆ राजधानी में शनिवार को 40 नए संक्रमित मिले
◆ शाहजहांनाबाद में एक ही परिवार के 4 संक्रमित
◆ ज्यादातर सुरक्षाकर्मी हैं संक्रमित
◆ सघन बस्ती होने के साथ ही यहां प्राइवेट अस्पताल, बकरा बाजार, आटो मैकेनिकल की दुकानें अधिक
भोपाल, युवा काफिला-
राजधानी में शनिवार को 40 नए संक्रमित मिले। इसके साथ भोपाल में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2688 हो गई है। हालांकि इनमें से 2011 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। भोपाल में अब तक संक्रमण से 94 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 15 लोग आज स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट गए। जिले में अब 416 लोगों का अस्पतालों में, 65 का होम आइसोलेशन में और अन्य का संस्थागत क्वारैंटाइन सेंटर में इलाज चल रहा है।
शनिवार को मिले संक्रमितों में शाहजहांनाबाद में एक ही परिवार के 4 लोग पॉजिटिव मिले। सघन बस्ती होने के साथ ही यहां प्राइवेट अस्पताल, बकरा बाजार, आटो मैकेनिकल की दुकानें अधिक हैं। अब तक यहां 98 पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।
वहीं, इब्राहिमपुरा में चार मरीज, जिनमें 3 एक ही परिवार के सदस्य हैं। इसके साथ ही शबरी नगर में 3, खानूगांव में 2, विजयनगर में 3 और अशोकागार्डन, जुमेराती गेट से कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। पांच दिन बाद आज पहली बार ऐसा रहा कि राजभवन में कोरोना का कोई केस नहीं मिला है। यहां पर अब तक 37 लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं, जिसमें ज्यादातर सुरक्षा कर्मचारी हैं। परिसर में निवास करने वाले 58 लोगों को क्वारैंटाइन सेंटर भेजा गया है।