◆ भिंड कलेक्टर ने फेसबुक पर लिखा था आपत्तिजनक शब्द
◆ सभी सामाजिक संगठनों ने जताया था विरोध
◆ छोटे सिंह हैं भिंड कलेक्टर
युवा काफिला, भिंड-
ग्राम मोतीपुरा मौजा ऊमरी वार्ड क्र. 20 में कोरोना संक्रमित मरीज पाए जाने के कारण उसके घर के आसपास के क्षेत्र को कंटेनमेन्ट एरिया घोषित किया गया था। जिसके चलते भिंड कलेक्टर छोटे सिंह ने फेसबुक पेज पर 17 मई को एक आदेश अपलोड किया गया था।
जिसमें कलेक्टर ने अनुसूचित जाति के लोगों के लिए हरिजन शब्द (हरिजन बस्ती) का प्रयोग किया था। जो कि गैर संवैधानिक और प्रतिबंधित शब्द है।
इस पर क्षेत्र के तमाम सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए विभिन्न थानों में कलेक्टर के खिलाफ ज्ञापन देकर कार्यवाही की मांग की थी।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन और बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिले में जगह - जगह ज्ञापन देकर अपनी असहमति प्रकट की थी।
जिसको संज्ञान में लेते हुए आज कलेक्टर और जिला प्रशासन ने इस आपत्तिजनक शब्द को विलोपित कर खेद प्रकट किया है। आज 23 मई को जारी सूचना पत्र में कलेक्टर ने बताया कि नजरी नक्शा एवं क्षेत्रीय बोल-चाल के आधार पर यह शब्द छप गया था।
उक्त तथ्य संज्ञान में आने के बाद उस हरिजन शब्द को हटाकर संशोधित आदेश 21 मई को निकाला गया था।
उन्होंने बताया कि आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग जानबूझकर किसी व्यक्ति या वर्ग को अपमानित करने एवं मानसिक रूप से ठेस पहुँचाने के लिए नहीं किया गया था। इस पूरे मामले में कलेक्टर और जिला प्रशासन ने खेद व्यक्त किया है।