फसल बीमा/ फसल बीमा के 15 लाख किसानों को मिलेंगे 2990 करोड़


◆मध्यप्रदेश में फसल बीमा के 15 लाख किसानों को मिलेंगे 2990 करोड़







◆राज्य सरकार ने जमा किया 22 सौ करोड़ रुपए का प्रीमियम

 

युवा काफिला, भोपाल-

मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार एक ओर जहां मंत्रीमंडल के गठन को लेकर उलझन में हैं वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार जनता के हितों के फैसले ले रहे हैं। शिवराज सिंह ने कहा है कि प्रदेश के 15 लाख किसानों को फसल बीमा की कुल 2990 करोड़ की बीमा राशि अगले सप्ताह तक प्राप्त हो जाएगी।  यह राशि सीधे उनके खातों में आ जाएगी। चौहान रविवार को मंत्रालय में कृषि विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव कृषि अजीत केसरी एवं अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

पिछली सरकार ने नहीं किया था प्रीमियम का भुगतान 


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने खरीफ एवं रबी फसलों के लिए सरकार द्वारा देय प्रीमियम 22 सौ करोड़ का भुगतान नहीं किया था। जिसके कारण किसानों को फसल बीमा का लाभ नहीं मिला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने सरकार बनते ही मार्च माह में बीमा कंपनियों की यह राशि जारी कर दी, जिससे अब किसानों को फसल बीमा राशि प्राप्त हो जाएगी।

 

प्रीमियम की राशि बीमा कंपनियों को जारी कर दी गई 


बैठक में प्रमुख सचिव कृषि ने बताया कि सरकार द्वारा खरीफ वर्ष 2018 तथा रबी वर्ष 2018-19 की फसल बीमा के प्रीमियम की राशि बीमा कंपनियों को जारी कर दी गई है। अब इन वर्षों की फसल बीमा की राशि किसानों को प्राप्त हो जाएगी। बैठक में बताया गया कि खरीफ 2018 में प्रदेश के 35 लाख किसानों द्वारा फसलों का बीमा कराया गया था, उनमें से 8.40 लाख किसानों को 19 सौ 30 करोड़ रुपए की बीमा राशि प्राप्त होगी। इसी प्रकार, रबी 2018-19 में प्रदेश के 25 लाख किसानों द्वारा रबी फसलों का बीमा कराया गया था। इनमें से 6.60 लाख किसानों को 10 सौ 60 करोड़ रुपए की बीमा राशि प्राप्त होगी।