◆ 24 घंटे में ही बॉलीवुड ने खो दिए दो दिग्गज कलाकार, इरफान खान के बाद ऋषि कपूर की भी कैंसर ने ली जान
युवा काफिला, भोपाल-
बुधवार को सिनेमा के दिग्गज अभिनेताओं में शुमार इरफान खान ने इस दुनिया को क्या अलविदा कहा बॉलीवुड जगत के एक और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का भी निधन हो गया है। 67 वर्षीय अभिनेता को खराब स्वास्थ्य के चलते कल रात एचएन रिलाइंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
ऐसे में अब एक और बड़ी दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है कि ऋषि कपूर का निधन हो गया है। सोशल मीडिया पर अमिताभ के इस ट्वीट के सामने आते ही फैंस और सितारों ने श्रद्धांजलि देना और शोक जाहिर करना शुरू कर दिया है।
2018 में ऋषि कपूर को इलाज के दौरान कैंसर का पता चला था, जिसके बाद अभिनेता लगभग एक साल तक न्यूयॉर्क में रह इलाज किया । वह ठीक होने के बाद सितंबर 2019 में भारत लौटे हैं। भारत में वापसी के बाद भी कपूर का स्वास्थ्य अक्सर ध्यान में रहा है। अभिनेता को फरवरी में त्वरित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके स्वास्थ्य के बारे में अटकलों के बीच जब वह दिल्ली दौरे पर थे तब उन्हें फरवरी की शुरुआत में यहां के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इससे पहले अभिनेता इरफान खान का मुंबई के एक हॉस्पिटल में बुधवार को निधन हो गया था। वें 54 साल के थे और लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रहे थे। इरफान को पेट संबंधित
संक्रमण के कारण मंगलवार को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उन्हें 2018 में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर हुआ था। उनके परिवार में पत्नी सुतापा और दो बेटे बाबिल और अयान हैं। इरफान की मां का चार दिन पहले ही जयपुर में निधन हुआ था। वे लॉकडाउन के कारण अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।