◆ छह वर्षीय मासूम से दुष्कर्म किया गया है
◆ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
◆ लॉकडाउन के दौरान बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कानून व्यवस्था पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उठाया सवाल
युवा काफिला, सागर
दमोह के जबेरा थाना के एक गांव में छह वर्षीय मासूम से दुष्कर्म किया गया है। गुरुवार सुबह यह बच्ची बेहोशी की हालत में अपने घर से करीब 50 फीट दूर एक जर्जर मकान में मिली। बच्ची की आंखों में गंभीर चोटें थीं। इससे शक है कि आरोपियों ने उसकी आंखें फोड़ने का भी प्रयास किया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बच्ची को जबेरा स्वास्थ्य केंद्र भेजा, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर कि या गया। जबलपुर मेडिकल कॉलेज में मासूम की आंखों की सर्जरी की गई है। संभावना है कि उसकी आंखों की रोशनी वापस आ जाएगी। पुलिस ने आरोपितों पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को लेकर ट्वीट किया और इसे निंदनीय बताया। जबेरा विधायक धर्मेंद्र सिंह भी गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
कमल नाथ ने उठाया कानून व्यवस्था का सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश में लॉकडाउन के दौरान बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कानून व्यवस्था का सवाल उठाया है। बच्ची के साथ दरिंदगी पर उन्होंने मुख्यमंत्री से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नाथ ने कहा कि प्रदेश में यह क्या हो रहा है? इतनी नृशंस,दरिंदगी भरी घटना वह भी लॉकडाउन के दौरान, आमजन आवश्यक वस्तुओं के लिए भी घर से बाहर तक नहीं जा पा रहा है और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। प्रदेश में दुष्कर्म, हत्या, गोलीबारी और चाकूबाजी की घटनाएं जारी हैं। एक माह की आपकी सरकार प्रदेश को किस ओर लेकर जा रही है। भोपाल में थाने के सामने एक नाबालिग ज्यादती की शिकार हो गई, मासूम बालिकाएं भी सुरक्षित नहीं? उन्होंने कहा कि सरकार बालिका का इलाज कराए और परिवार की हरसंभव मदद की जाए।
चौधरी ने घटनाको दुर्भाग्यपूर्ण बताया
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने दमोह जिले के पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर सम्पूर्ण घटना की जानकारी लेते हुए अपराधियांे को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़िता का उच्च स्तरीय इलाज कराया जाए। चैधरी ने घटना को शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि शिवराज सिंह जी ये प्रदेश में क्या हो रहा है। लॉकडाउन में भी अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि मासूम के साथ मानवता को शर्मसार करने वाली घटना को अंजाम देने के बाद आँख फोड़ दी। उन्होंने कहा कि लॉक डाउन के चलते जहां आमजन आवश्यक वस्तुओं के लिये भी घर से बाहर तक नहीं जा पा रहे है वहां अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।