भोपाल- कमलनाथ के खास और सूबे के लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के किचन कैबिनेट वाले बयान के बाद अब अन्य मंत्रियों की तरह सरकार में भी अधिकारियों की किचन कैबिनेट चर्चाओं में हैं।
निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने कहा है कि सरकार पर अब पूरी तरह से ब्यूरोक्रेसी हावी हो गई है। विधायक शेरा ने कहा- निगम-मंडलों की नियुक्तियों में हो रही देरी से कार्यकर्ता निराशा हैं। इससे पहले वर्मा ने कहा था कि- दिग्विजय भाजपा नेताओं से मिलकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित कर रहे हैं।
सज्जनसिंह यहीं नहीं रुके और आगे बोले- सिंधिया आत्मचिंतन के दौर से गुजर रहे, शिवराज को कोई नहीं पूछ रहा हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता की सरकार तो आ गई है, लेकिन अभी कार्यकर्ताओं की सरकार नहीं आई है। वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के साथ कान में फुसफुसाते फोटो जारी कर वे कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित कर रहे हैं। वे यह कहने से भी नहीं चूके कि हम दिग्विजय के कार्यकाल में इसलिए फेल हुए क्योंकि मुख्यमंत्री रहते उनके आंख, कान, नाक कलेक्टर और एसपी हुआ करते थे। कार्यकर्ता पीछे चला गया था। इस मौके पर कार्यकर्ताओं का भी दर्द झलक पड़ा था। वर्मा ने ट्रम्प के बहाने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा। उन्होंने दो ट्वीट किए। पहला ट्वीट- ‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आपका गंगा-जमुनी-तहजीब से परिपूर्ण सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में स्वागत है। नरेंद्र मोदी द्वारा दीवारों के पीछे छुपाए गए हजारों लोग भी आपका स्वागत करना चाहते थे। उन सभी की ओर से भी मैं आपका अभिनंदन करता हूं।’
दूसरा ट्वीट- ‘19 साल से गुजरात में शासन कर रही भाजपा और नरेंद्र मोदी की बड़ी उपलब्धि ‘प्रधानमंत्री दीवार बनाओ गरीबी छुपाओ’ योजना का आज अहमदाबाद में भव्य लोकार्पण। मोदी है तो यही मुमकिन है।’